India South Korea Deal: भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सोमवार को कई महत्वपूर्ण समझौते हुए, जिनमें “डिजिटल ब्रिज” शुरू करने की बड़ी घोषणा शामिल है. इस मौके पर Narendra Modi और Lee Jae-myung ने समझौतों पर हस्ताक्षर करने के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और कोरिया के बीच द्विपक्षीय व्यापार अब 27 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है. दोनों देशों ने इसे 2030 तक बढ़ाकर 50 बिलियन डॉलर करने का लक्ष्य तय किया है. इसके लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं, जिनमें ‘भारत-कोरिया वित्तीय फोरम’ की शुरुआत और औद्योगिक सहयोग समिति का गठन शामिल है. इसके अलावा, सप्लाई चेन और महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी में सहयोग बढ़ाने के लिए आर्थिक सुरक्षा संवाद भी शुरू किया जाएगा.
भारत-कोरिया डिजिटल ब्रिज की शुरुआत
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले दशक की सफलता की नींव रखने के लिए भारत और कोरिया “डिजिटल ब्रिज” शुरू कर रहे हैं. इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत किया जाएगा. इसके साथ ही जहाज निर्माण, स्टील, बंदरगाह और स्थिरता जैसे सेक्टर्स में कई MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं.
सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योगों में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे, जिससे फिल्म, एनीमेशन और गेमिंग सेक्टर में नए अवसर पैदा होंगे. यह व्यापार फोरम इन संभावनाओं को वास्तविक परिणामों में बदलने का मंच बनेगा.
#WATCH | Delhi: After meeting with South Korean President Lee Jae Myung, PM Narendra Modi says, "In this era of global tension, India and Korea together give the message of peace and stability. We are very happy that today, Korea is joining the International Solar Alliance and… pic.twitter.com/MYS9HInmrp
— ANI (@ANI) April 20, 2026
वैश्विक तनाव के बीच शांति का संदेश
Narendra Modi ने कहा कि मौजूदा वैश्विक तनाव के दौर में भारत और कोरिया मिलकर शांति और स्थिरता का संदेश दे रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण कोरिया अब इंटरनेशनल सोलर अलायंस और इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव का हिस्सा बन रहा है. दोनों देश मिलकर एक शांतिपूर्ण और समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के निर्माण की दिशा में काम करेंगे.
रवींद्रनाथ टैगोर का जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में Rabindranath Tagore का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 100 साल पहले टैगोर ने कोरिया को “पूरब का दीपक” कहा था. आज वही कोरिया विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में एक अहम साझेदार बन रहा है.
K-pop और K-dramas का बढ़ता क्रेज
संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में K-pop और K-dramas की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है, वहीं कोरिया में भी भारतीय सिनेमा और संस्कृति को पसंद किया जा रहा है. सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए 2028 में “भारत-दक्षिण कोरिया मैत्री उत्सव” आयोजित किया जाएगा.
यह साझेदारी न सिर्फ दोनों देशों के लिए, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रगति और सहयोग का नया रास्ता खोलने वाली मानी जा रही है.


