7th Pay Commission Latest Update: केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब राज्य सरकारें भी अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने में पीछे नहीं हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए 3% डीए बढ़ाने का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी अक्टूबर के वेतन और पेंशन में जोड़ी जाएगी और नवंबर में भुगतान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अप्रैल से सितंबर 2025 तक की अवधि का बकाया भी अक्टूबर में कर्मचारियों के खातों में जमा किया जाएगा। वहीं जुलाई 2023 से मार्च 2025 तक का एरियर भुगतान अलग से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूनियन के साथ चर्चा के बाद सरकार पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने पर विचार करेगी।
उत्तराखंड सरकार का भी दिवाली तोहफा
उत्तराखंड सरकार ने भी राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 3% डीए बढ़ाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी। इसके बाद अब राज्य कर्मचारियों को 58% महंगाई भत्ता मिलेगा, जो पहले 55% था।
सरकार ने यह भी कहा कि 1 जुलाई से 31 अक्टूबर तक का भत्ता नगद भुगतान के रूप में दिया जाएगा। इस निर्णय से 2.5 लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनरों को फायदा होगा।
झारखंड सरकार ने भी बढ़ाया डीए
झारखंड सरकार ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) 3% बढ़ाकर 58% कर दी है। इससे पहले यह दर 55% थी। सिक्किम सहित कई अन्य राज्यों ने भी इसी तरह की घोषणा की है, जिससे कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
केंद्र सरकार ने पहले दिया था दिवाली गिफ्ट
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर 2025 को लगभग 49.19 लाख कर्मचारियों और 68.72 लाख पेंशनरों को 3% डीए और डीआर बढ़ोतरी का तोहफा दिया था। यह बढ़ोतरी भी 1 जुलाई 2025 से लागू है।


