Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज भी तेज गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और शाम या रात के समय हल्की बारिश होने के आसार हैं।
अगले सप्ताह फिर बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दोपहर में धूप निकलने से उमस और गर्मी महसूस हो सकती है। अगले सप्ताह तापमान में फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
दिल्ली की हवा कैसी है?
रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 139 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अधिकांश शहरों में भी वायु गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। फिलहाल इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
बारिश से मिली थी राहत
शनिवार को सुबह से शाम तक धूप रही, लेकिन पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। शाम के समय चली ठंडी हवाओं ने लोगों को काफी राहत पहुंचाई।
मौसम विभाग के अनुसार दो-तीन दिन बाद दिल्ली-एनसीआर में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

