देश की राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके सरकारी आवास में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। घटना उस समय हुई जब वह नागरिकों की शिकायतें सुन रही थीं।
आरोपी ने थप्पड़ मारने की कोशिश की
मुख्यमंत्री आवास अधिकारियों के मुताबिक, एक शख्स अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा। उसने पहले कुछ कागजात सौंपे और अचानक सीएम गुप्ता पर हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़कर सिविल लाइंस थाने के हवाले कर दिया। उसकी पहचान राजेश भाई खिमजी सकरिया, निवासी राजकोट, के रूप में हुई है।
बीजेपी ने कहा- थप्पड़ नहीं, धक्का-मुक्की हुई
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस हमले को थप्पड़ मारने की घटना मानने से इनकार किया। उनका कहना है कि आरोपी ने सीएम का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की हुई और सीएम का सिर मेज से टकरा गया। डॉक्टरों ने सीएम का इलाज किया है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
विपक्ष और आप नेताओं ने जताई नाराज़गी
आप नेता आतिशी और अनुराग ढांडा ने इस घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए दिल्ली पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने महिला सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाएं कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी।


