पटना में पार्क बना शूटिंग रेंज! बच्चों के सामने हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद हुए बदमाश

Capital of Fear: पटना के सुरक्षित शहर होने के दावे पर फिर उठे सवाल, पार्क में बच्चों के सामने चली गोलियां

Fevicon Bbn24
Patna Park Shootout Crime News
Patna Park Shootout Crime News (Source: BBN24/Google/Social Media)

पटना: राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कंकड़बाग थाना क्षेत्र के एफ सेक्टर स्थित एक पार्क में दो बदमाश स्कूटी पर सवार होकर पहुंचे और पार्क में मौजूद बच्चों और महिलाओं के सामने ताबड़तोड़ 4-5 राउंड फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पार्क में बड़ी संख्या में लोग टहल रहे थे, तभी अचानक दो युवक स्कूटी से उतरे और बिना किसी चेतावनी के गोलियां चलाने लगे। कुछ ही सेकंड में वहां अफरातफरी मच गई। बच्चे चीखते हुए इधर-उधर भागे, महिलाओं ने बच्चों को संभाला और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ पड़े।

गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। लेकिन घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

पुलिस पहुंची मौके पर, बरामद हुआ कट्टा

फायरिंग की खबर मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पार्क के भीतर से एक देसी कट्टा बरामद किया। पुलिस को मौके से गोलियों के कुछ खाली खोखे भी मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने आसपास के घरों और दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिससे बदमाशों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह किसी आपसी रंजिश या गैंगवार का हिस्सा हो सकता है।

सुरक्षित राजधानी का दावा हुआ बेनकाब

यह घटना राजधानी पटना की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर बड़ा तमाचा है। पार्क, जो बच्चों और बुजुर्गों के मनोरंजन का स्थान होता है, वहां बेखौफ बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी अब किसी भी जगह वारदात करने से नहीं डर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर अपराधियों पर समय रहते लगाम नहीं लगाई गई, तो पटना में जीना मुश्किल हो जाएगा।

Share This Article