वैशाली में पुलिस हिरासत में मौत से मचा बवाल, भारी फोर्स तैनात, तनाव बरकरार

बिहार के वैशाली जिले में पुलिस पर हमले के आरोपी की कस्टडी में मौत, पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में, इलाके में तनाव गहराया।

Vaishali Police Custody Death Tension
Vaishali Police Custody Death Tension (PC: BBN24/Social Media)

बिहार के वैशाली जिले के महुआ में पुलिस हिरासत में एक बुजुर्ग की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। मृतक की पहचान हाशिम शाह (70 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजापाकर प्रखंड के चौसिमा कल्याणपुर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि हाशिम शाह पुलिस पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था।

पुलिस पर हमला और हिरासत में मौत

पिछले दिनों आइसक्रीम विक्रेता से विवाद के बाद हालात बिगड़े और भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया था। इस हमले में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं में से एक हाशिम शाह की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस का दावा है कि मौत बीमारी के चलते हुई, जबकि मृतक के परिजन पिटाई का आरोप लगा रहे हैं।

भारी सुरक्षा व्यवस्था

तनाव को देखते हुए एसडीओ रामबाबू बैठा, एसडीपीओ सुबोध कुमार समेत नौ थानाध्यक्षों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को सदर अस्पताल और घटनास्थल पर तैनात किया गया है। एसपी ललित मोहन शर्मा खुद हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

पुलिस का बयान

पुलिस ने बताया कि राजापाकर में असामाजिक तत्वों ने हमला कर 112 डायल पुलिस और थाने की गाड़ियों को निशाना बनाया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और हथियार भी छीने गए, जिन्हें बाद में बरामद कर लिया गया।

स्थिति अब भी तनावपूर्ण

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जा रहा है। वहीं, गांव और अस्पताल परिसर में पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। शनिवार को पूरे दिन इलाके में सन्नाटा और तनाव छाया रहा।

Share This Article
Exit mobile version