पटना ज़िले के पंडारक प्रखंड में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा हुआ। शादी के लिए लड़की देखने जा रहे चार लोगों का दल रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आने से तीन की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
हादसा कैसे हुआ?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नालंदा जिले के टाडापर गांव से लगभग 25 लोगों का दल गोपकिता गांव लड़की देखने जा रहा था। सभी ने अपनी गाड़ियां ममरखाबाद हॉल्ट के पास खड़ी कर दीं और पैदल रेलवे पटरी किनारे-किनारे आगे बढ़ रहे थे। तभी अचानक दोनों ओर से ट्रेनें आ गईं। अफरा-तफरी के बीच कुछ लोग भाग निकले, लेकिन चार लोग पटरी पर ही फंस गए और हादसे का शिकार हो गए।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गोविंदा मांझी, जीतो मांझी और रीतलाल मांझी के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल जगलाल मांझी को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया है।
गांव में मातम और परिजनों का रोना-धोना
घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हालात को काबू में किया।


