पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग! राजद नेता राजकुमार राय की गोलियों से छलनी कर हत्या

जमीन विवाद या राजनीति? राघोपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे राजद नेता

Patna Rjd Leader Rajkumar Rai Murder
Patna Rjd Leader Rajkumar Rai Murder (PC: BBN24/Social Media)

पटना की सड़कों पर बुधवार रात दहशत का माहौल फैल गया जब अज्ञात बदमाशों ने राजद नेता और जमीन कारोबारी राजकुमार राय की ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या कर दी। घटना राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास की है।

राजकुमार राय मूल रूप से वैशाली जिले के राघोपुर के रहने वाले थे और इस बार वे राघोपुर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।

अज्ञात बदमाशों ने दागी छह गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइक सवार अपराधियों ने घात लगाकर राय पर छह गोलियां दागीं। गोली लगते ही वे मौके पर गिर पड़े और समर्थक उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

राजनीति या जमीन विवाद?

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद या राजनीतिक रंजिश की आशंका है। मृतक जमीन कारोबार से भी जुड़े थे। वारदात उनके घर से महज 70 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद अपराधी कंकड़बाग मेन रोड की ओर फरार हो गए।

पुलिस की जांच तेज

घटना के बाद एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि ड्राइवर समेत कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का कारण साफ हो जाएगा।

परिवार में मातम

मृतक के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Share This Article
Exit mobile version