पटना: बिहार के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अस्पताल की यूटिलिटी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित स्टोररूम में लगी। चारों तरफ फैले धुएं से मरीजों और परिजनों में हड़कंप मच गया। राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
45 मिनट में काबू, लेकिन सामान खाक
दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर 6 गाड़ियों की मदद से करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया। स्टोररूम में डायलिसिस से जुड़ी सामग्री, डिस्पेंसरी सामान, यूनिवर्सल किट और पंखे समेत कई उपकरण रखे थे, जिनमें से अधिकांश जलकर राख हो गए।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
लोड़दीपुर फायर एसडीओ अजीत कुमार और उनकी टीम ने आग बुझाने का नेतृत्व किया। जिला फायर अधिकारी मनोज नट ने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। स्टोररूम में पुराने और अनयूज्ड सामान रखे गए थे, क्योंकि नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था।
चौथी बार पीएमसीएच में आग
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में पीएमसीएच कैंपस में यह चौथी बार आग लगी है। पहले की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन की ओर से पांच सदस्यीय टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया था और कड़े सुरक्षा निर्देश जारी किए थे। अब एक बार फिर अस्पताल प्रबंधन सुरक्षा मानकों की समीक्षा कर रहा है।


