Patna Metro Update: Patna Metro Rail Corporation Limited ने जानकारी दी है कि 27 अप्रैल को पटना मेट्रो सेवा पूरी तरह बंद रहेगी. यह फैसला भूतनाथ मेट्रो स्टेशन (डीएन लाइन) पर होने वाले सीएमआरएस (CMRS) निरीक्षण के कारण लिया गया है.
कब से फिर शुरू होगी सेवा?
अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण पूरा होने के बाद मेट्रो सेवा 28 अप्रैल से फिर शुरू हो जाएगी. यात्री पाटलिपुत्र बस टर्मिनल मेट्रो स्टेशन से दोबारा मेट्रो का लाभ ले सकेंगे.
तेजी से चल रहा है टनल निर्माण
पटना मेट्रो प्रोजेक्ट पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. कॉरिडोर-2 (रेड लाइन) में मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर के बीच पहला टनल बनाया जा रहा है, जो मई तक पूरा होने की संभावना है.
दूसरे टनल का काम जून तक पूरा होने का अनुमान है.
टीबीएम से हो रही खुदाई
टनल निर्माण के लिए TBM (टनेल बोरिंग मशीन) का इस्तेमाल किया जा रहा है.
- पहली TBM करीब 150 मीटर की खुदाई कर राजेंद्र नगर तक पहुंचेगी
- दूसरी TBM लगभग 350 मीटर तक खुदाई करेगी
इन दोनों टनल के पूरा होने के बाद राजेंद्र नगर से मलाही पकड़ी तक अंडरग्राउंड कनेक्टिविटी तैयार हो जाएगी.
कॉरिडोर-2 में कितने स्टेशन?
पटना मेट्रो के कॉरिडोर-2 में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं:
- 7 अंडरग्राउंड स्टेशन
- 5 स्टेशन प्रायोरिटी कॉरिडोर में
यह कॉरिडोर शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा. इसके पूरा होने के बाद अशोक राजपथ और राजेंद्र नगर जैसे इलाकों में ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी.



