पटना में 70 किलो सोना, 5500 किलो चांदी बरामद: तीन ज्वेलर्स पर Commercial Tax का बड़ा एक्शन

बिना बिल के सोना-चांदी के कारोबार का भंडाफोड़, वाणिज्य कर विभाग की छापेमारी में उजागर हुआ करोड़ों का गड़बड़झाला

Fevicon Bbn24
Patna Jewellers Gold Silver Raid
(Image Source: Social Media Sites)

पटना: राजधानी पटना के बाकरगंज इलाके में गुरुवार को वाणिज्य कर अन्वेषण ब्यूरो (Commercial Tax Investigation Bureau) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन प्रमुख आभूषण कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में अधिकारियों ने करीब 70 किलो सोना और 5500 किलो चांदी बरामद की, जो अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है।

बिल मांगते ही कारोबारी हुए मौन

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी से पहले खुफिया सूचना मिली थी कि इन कारोबारियों द्वारा बिना बिल के बड़े पैमाने पर सोना-चांदी का व्यापार किया जा रहा है। जब छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज और बिल मांगे, तो तीनों ज्वेलर्स ने चुप्पी साध ली। हालांकि, उन्होंने तत्काल ₹90 लाख रुपये का स्वेच्छिक भुगतान कर दिया।

सॉफ्टवेयर, स्टॉक रजिस्टर और दस्तावेज जब्त

छापेमारी के दौरान टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों से कंप्यूटर, बिलिंग सॉफ्टवेयर, स्टॉक रजिस्टर, GST से जुड़े दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं। इन सभी दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि टैक्स चोरी की कुल रकम कितनी है और क्या इस पूरे नेटवर्क में अन्य कारोबारी भी शामिल हैं।

तीन परिसरों को किया गया सील

प्रशासन ने तीनों कारोबारियों के व्यावसायिक परिसरों को फिलहाल सील कर दिया है और निरीक्षण की प्रक्रिया शुक्रवार तक जारी रहेगी। शुरुआती जांच में बड़े पैमाने पर कर चोरी के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।

ज्वेलरी मार्केट में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई से पटना का ज्वेलरी बाजार दहल उठा है। व्यापारियों में खलबली मच गई है और इस छापेमारी को कर चोरी के खिलाफ सरकार की सख्त नीति के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article