बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की वेबसाइट शुक्रवार से लगातार क्रैश हो रही है। 71वीं परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की कोशिश कर रहे उम्मीदवारों को घंटों तक असफलता का सामना करना पड़ा। नतीजतन, सोशल मीडिया पर आयोग के खिलाफ गुस्से का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर छात्रों का फूटा गुस्सा
कई छात्रों ने एक्स (Twitter) पर अपनी नाराज़गी व्यक्त की।
- एक यूज़र ने लिखा, “ढंग की वेबसाइट तो बना लेते… पैसे नहीं हैं तो हम सब मिलकर चंदा दे देंगे।”
- दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, “इतना निकम्मा आयोग आज तक नहीं देखा था।”
- किसी ने BPSC की तुलना UPSC से करते हुए लिखा, “UPSC पर ज्यादा ट्रैफिक रहता है, लेकिन उनकी साइट कभी क्रैश नहीं होती।”
आयोग की सफाई और हेल्पलाइन जारी
बीपीएससी ने वेबसाइट ठप होने की वजह तकनीकी गड़बड़ी बताई और हेल्पलाइन नंबर जारी किए। लेकिन छात्रों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर परीक्षा आयोजित करने वाले आयोग को बेहतर तकनीकी तैयारी करनी चाहिए थी।

परीक्षा से पहले चिंता बढ़ी
अभ्यर्थियों का कहना है कि महीनों की मेहनत दांव पर है। परीक्षा से कुछ दिन पहले इस तरह की समस्या ने उनकी टेंशन और बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर जारी आलोचना ने आयोग की एक बार फिर किरकिरी करा दी है।



