बिहार के वैशाली में बरगद का पेड़ गिरने से बुजुर्ग की मौत, आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही

Vaishali में तेज आंधी के दौरान गिरा विशाल पेड़, घर में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, गांव में मचा हड़कंप

Bihar Vaishali Storm Tree Collapse Death
(Image Source: Social Media Sites)

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले में शुक्रवार की दोपहर आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। इस तूफान ने महुआ अनुमंडल क्षेत्र के गोरौल थाना अंतर्गत पिरोई गांव में तबाही मचा दी, जहां एक विशाल बरगद का पेड़ जड़ से उखड़कर एक झोपड़ीनुमा मकान पर गिर गया। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे 70 वर्षीय गेनालाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

सोते समय गिरी मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी के दौरान अचानक जोरदार आवाज के साथ पेड़ गिरा। गांव के लोग जब मौके पर पहुंचे, तो देखा कि पूरा पेड़ बथान की छत पर आ गिरा है। अंदर बिस्तर पर सो रहे गेनालाल सिंह की दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

पुलिस और जेसीबी की मदद से निकाला गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही गोरौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद मृतक का शव मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

परिजनों में मचा कोहराम

इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं। गेनालाल सिंह अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और मुआवजे की प्रक्रिया की भी बात कही है।

स्थानीय प्रशासन सतर्क

आंधी-तूफान से गिरे अन्य पेड़ों को हटाने और क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत के लिए स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है।

Share This Article
Exit mobile version