नेपाल में खूनी बवाल: बिहार ने सील की सीमा, सात जिलों में हाई अलर्ट घोषित

सोशल मीडिया बैन से भड़के विरोध प्रदर्शनों में अब तक 19 की मौत, सेना तैनात

Bihar Seals Nepal Border Amid Oli Govt Protests
Bihar Seals Nepal Border Amid Oli Govt Protests (PC: BBN24/Social Media)

नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ भड़के प्रदर्शनों का असर अब भारत तक पहुँच गया है। हालात गंभीर होते देख बिहार ने नेपाल से सटे सात जिलों की सीमा पूरी तरह सील कर दी है और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

अररिया जिले के 85 किलोमीटर लंबे बॉर्डर क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। घुर्णा, बसमतिया, फूलकाहा, जोगबनी, कुआड़ी और सिकटी थाना क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि सभी बॉर्डर पोस्ट और एसएसबी यूनिट्स को “अलर्ट मोड” पर रखा गया है और नेपाल से आने-जाने वाले हर व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है।

सात जिलों की सीमा सील, 24 घंटे निगरानी

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, सुपौल और किशनगंज की सीमाएं सील कर दी गई हैं। एसएसबी की 56वीं और 52वीं बटालियन चौबीसों घंटे खुले बॉर्डर पर नज़र बनाए हुए हैं।

नेपाल में बैन से भड़की हिंसा, 19 की मौत

नेपाल सरकार द्वारा फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं। अब तक की झड़पों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। सुरक्षा बलों ने भीड़ को काबू करने के लिए गोलियां, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

गृहमंत्री का इस्तीफा, कर्फ्यू लागू

तेजी से बिगड़ते हालात के बीच नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। काठमांडू सहित चार जिलों में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। सेना की भारी तैनाती की गई है ताकि स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके।

Share This Article
Exit mobile version