Bihar: Ram-Janaki Mandir से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी, कीमत ₹20 लाख, तीसरी बार मंदिर बना निशाना

गोपलगंज के मांझागढ़ में राम-जानकी मंदिर में फिर हुई मूर्ति चोरी, भगवान राम, माता सीता और बाल गोपाल की प्रतिमाएं ले उड़े चोर, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Fevicon Bbn24
Bihar Ram Janaki Mandir Ashtadhatu Idols Worth 20 Lakh Stolen Again
(Source: BBN24/Google/Social Media)

बिहार के गोपालगंज जिले के मांझागढ़ प्रखंड अंतर्गत भटवलिया गांव स्थित Ram-Janaki Mandir एक बार फिर चोरों का निशाना बन गया। इस बार मंदिर से अष्टधातु की कीमती मूर्तियां चोरी कर ली गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

चोरों ने मंदिर के पीछे की खिड़की का ग्रिल तोड़कर गुरुवार की देर रात मंदिर में प्रवेश किया और भगवान श्रीराम, माता जानकी और बाल गोपाल की मूर्तियां चुरा लीं। यह घटना मंदिर परिसर में तीसरी बार चोरी की है, जिससे गांव के लोग काफी आक्रोशित हैं।

साफ-सफाई के दौरान खुला राज

मंदिर की देखरेख करने वाले कृष्णा साह जब शुक्रवार की सुबह मंदिर पहुंचे, तो उन्हें अंदर का दरवाजा खुला मिला और सभी मूर्तियां गायब थीं। उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना गांव वालों को दी, जिसके बाद मांझागढ़ थाना पुलिस को भी सूचित किया गया।

कुछ ही देर बाद गांव के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर मूर्तियों से जुड़े कपड़े, चुनरी और अन्य धार्मिक वस्तुएं बिखरी हुई मिलीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर मूर्तियों को लेकर रेलवे लाइन की ओर से भाग निकले।

थानाध्यक्ष बोले: छानबीन जारी, अभी कोई सुराग नहीं

मांझागढ़ थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। हालांकि अब तक चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

इससे पहले भी इसी मंदिर से दो बार मूर्तियां चोरी हो चुकी हैं, मगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। लगातार तीसरी बार चोरी की घटना से गांव में रोष और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Share This Article