Bihar Police Welfare: पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए हाई लेवल स्कूल, अस्पतालों को मिलेगा PHC का दर्जा

Bihar Police Line School Hospital Facility Police Welfare Plan
Bihar Police Line School Hospital Facility Police Welfare Plan (PC: BBN24/Social Media)

Bihar Police Welfare: बिहार सरकार ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण को लेकर बड़ा फैसला लिया है. राज्य की सभी 40 पुलिस लाइन में स्कूल और अस्पताल खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है. गृह विभाग ने इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से विस्तृत प्रस्ताव मांगा है.

सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

बीमा राशि वितरण कार्यक्रम में हुई घोषणा

यह जानकारी गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों के बीच बीमा राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान दी.

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके परिवारों की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है.

पुलिस बच्चों के लिए खुलेंगे बड़े स्कूल

डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए राज्य स्तर पर उच्चस्तरीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इन स्कूलों में करीब एक हजार बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था होगी.

सरकार की योजना है कि पुलिस परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकें.

पुलिस अस्पतालों को मिलेगा PHC का दर्जा

डीजीपी ने कहा कि जिलों में मौजूद पुलिस अस्पतालों को चिह्नित कर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का दर्जा देने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है.

इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी. सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर भी जोर दे रही है.

मेडिकल और बीमा सुविधाओं में सुधार

कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने बताया कि पहले दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को कम आर्थिक सहायता मिलती थी, लेकिन अब यह राशि बढ़कर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये तक पहुंच गई है.

उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल क्लेम के 900 से ज्यादा लंबित मामलों का निपटारा किया जा चुका है और पुलिसकर्मियों के लिए कैशलेस मेडिकल स्कीम पर भी विचार किया जा रहा है.

बीमार पुलिसकर्मियों को मिलेगी राहत

डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि गंभीर रूप से बीमार पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर को लेकर भी नई व्यवस्था तैयार की जा रही है. इसके तहत बीमार कर्मियों को तीन महीने के भीतर सुविधाजनक स्थान पर ट्रांसफर देने की योजना है.

उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण से जुड़े बड़े फैसलों के बाद पुलिस एसोसिएशन की कई मांगें स्वतः खत्म हो गई हैं.

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी

कार्यक्रम में बजट, अपील एवं कल्याण के एडीजी संजय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक सुब्रत कुमार स्वाई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, निगरानी विभाग के डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के डीजी जितेंद्र कुमार, एसटीएफ के डीजी कुंदन कृष्णन समेत कई अधिकारी और दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजन शामिल हुए.

Share This Article
Exit mobile version