Bihar Accident News: मोहर्रम जुलूस बना मातम का मंजर, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसे 12 युवक, 5 की हालत नाजुक

सासाराम में मोहर्रम के जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। घायलों में इस्माइल खान, अफजल खान, हसन रजा समेत कई युवक शामिल, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

Bihar Muharram Procession Accident Electric Shock 12 Injured 5 Critical
Bihar Muharram Procession Accident Electric Shock 12 Injured 5 Critical (Source: BBN24/Google/Social Media)

Sasaram: बिहार के सासाराम जिले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। रोहतास थाना क्षेत्र के अंतर्गत निमिया टिकारी गांव में ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया का एक हिस्सा अचानक हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे करंट लगने से 12 से अधिक युवक झुलस गए।

इनमें से 5 युवकों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायलों को आनन-फानन में सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों में इस्माइल खान (उम्र 20, पिता पीकू खान), अफजल खान (उम्र 18), दारानगर निवासी आजम खान, हसन रजा और नमीर खान शामिल हैं। अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गुस्साए लोगों ने डेहरी-रोहतास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर आगजनी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग को पहले ही मोहर्रम के जुलूस की सूचना दी गई थी, बावजूद इसके विद्युत आपूर्ति बंद नहीं की गई, जो हादसे का मुख्य कारण बनी।

स्थानीय प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस बल की तैनाती के साथ रोहतास नगर पंचायत क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर रोहतास बाजार की सभी दुकानें बंद कर दी गई हैं।

लोगों की मांग है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज की जाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Exit mobile version