बिहार सरकार किसानों को गेंदा फूल की खेती के लिए आर्थिक सहायता दे रही है। गेंदा फूल उत्पादन एवं प्रसंस्करण योजना के तहत किसानों को खेती की लागत पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य राज्य में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ इसके प्रसंस्करण, परिवहन और मार्केटिंग को मजबूत करना है।
इस योजना के तहत किसान रबी और खरीफ दोनों मौसमों में गेंदा फूल की खेती कर सकते हैं। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है और किसान 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रति हेक्टेयर 40 हजार रुपये तक मिलेगा अनुदान
गेंदा फूल की खेती के लिए सरकार ने प्रति हेक्टेयर 80,000 रुपये की इकाई लागत निर्धारित की है। इस पर किसानों को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी।
इस तरह पात्र किसान को अधिकतम 40,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तक आर्थिक सहायता मिल सकती है।
एक किसान न्यूनतम 0.1 हेक्टेयर और अधिकतम 2 हेक्टेयर जमीन पर इस योजना का लाभ ले सकता है।
25 हेक्टेयर के क्लस्टर में होगी खेती
योजना के तहत गेंदा फूल की खेती और प्रसंस्करण को 25 हेक्टेयर के क्लस्टर में बढ़ावा दिया जाएगा। इससे किसानों को उत्पादन के साथ-साथ फूलों के परिवहन और बाजार तक पहुंच बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के अनुसार, सरकार फूलों की खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। योजना के जरिए गेंदा की खेती को व्यवस्थित करने के साथ परिवहन और मार्केटिंग को भी सहयोग दिया जाएगा।
जमीन के मालिक नहीं हैं तो भी ले सकते हैं लाभ
इस योजना की खास बात यह है कि जिन किसानों के पास अपनी कृषि भूमि नहीं है, वे भी इसका लाभ ले सकते हैं। इसके लिए किसान के पास खेती के लिए जमीन का वैध लीज एग्रीमेंट होना जरूरी है।
वहीं, जिन किसानों का नाम जमीन के रिकॉर्ड में स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं है, उन्हें आवेदन के साथ वंशावली (Vanshavali) दस्तावेज भी जमा करना होगा।
माल ढुलाई के वाहन पर भी मिलेगी सब्सिडी
योजना में गेंदा फूल को खेत से बाजार तक पहुंचाने के लिए गुड्स व्हीकल खरीदने पर भी आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है।
वाहन की अधिकतम पात्र लागत 3.25 लाख रुपये निर्धारित की गई है। योजना के अनुसार वाहन की वास्तविक कीमत का 50 प्रतिशत या 3.25 लाख रुपये, जो भी कम हो, उसके आधार पर सहायता दी जाएगी।
इस हिसाब से पात्र किसान को वाहन खरीद पर अधिकतम 1,62,500 रुपये तक सब्सिडी मिल सकती है।
यह वाहन सब्सिडी केवल उन किसानों के लिए उपलब्ध होगी जो गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं।
31 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन
गेंदा फूल उत्पादन एवं प्रसंस्करण योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है। किसान 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
योजना का उद्देश्य सिर्फ गेंदा फूल का उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि खेती से लेकर प्रसंस्करण, परिवहन और बाजार तक पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करना है। इससे बिहार में किसानों को व्यावसायिक फूलों की खेती की ओर प्रोत्साहित करने की कोशिश की जा रही है।

