बिहार के गया जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बोधगया थाना क्षेत्र के मनकोसी गांव में 30 वर्षीय बेटी ने अपने पिता की हथौड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल है।
रात में सोते समय किया हमला
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कपिल मिस्त्री (70 वर्ष) के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई जब परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी बेटी कंचन कुमारी ने अचानक हथौड़ी उठाकर अपने पिता की गर्दन पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी बेटी पहले भी कर चुकी है वारदात
परिजनों का कहना है कि कंचन मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और उसे अक्सर घर में जंजीरों से बांधकर रखा जाता था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी अपने दुधमुंहे बच्चे और अन्य परिजनों की हत्या कर चुकी है। इस हैरान करने वाले इतिहास ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में जुटी है और मानसिक स्वास्थ्य के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



