मोतिहारी में विजयादशमी की पूर्व संध्या पर बड़ा हादसा हुआ। तालिमपुर वार्ड-7 स्थित बजरंग एजेंसी में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और दूरी से ही लपटें देख रहे थे।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का बताया जा रहा है। रात को अचानक धुआं और लपटें उठीं और देखते ही देखते पूरी एजेंसी को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की टीम को सूचना दी गई, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
60 बाइक और स्पेयर पार्ट्स खाक
एजेंसी में विजयादशमी को लेकर खास तैयारी की गई थी क्योंकि इस दिन गाड़ियों की बिक्री सबसे ज्यादा होती है। भारी संख्या में बाइक मंगाई गई थीं, लेकिन आग ने सारी तैयारियां राख में बदल दीं। बताया जा रहा है कि करीब 60 बाइक और दर्जनों स्पेयर पार्ट्स जलकर खाक हो गए।
कई घंटों की मशक्कत के बाद काबू
दमकल विभाग, स्थानीय थाना पुलिस और लोगों की मदद से कई घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक एजेंसी को करीब 4 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हो चुका था। एजेंसी मालिक और कर्मचारी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।
विजयादशमी पर कारोबारियों को बड़ा झटका
देशभर में जहां विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा था, वहीं मोतिहारी के कारोबारी इस हादसे की वजह से गमगीन हो गए। फिलहाल आग लगने के असली कारण की जांच जारी है।


