कोलकाता रेप केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 31 साल की डॉक्टर के साथ हुई रेप और हत्या की घटना ने हमारे समाज पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब भूमि पेडनेकर की फिल्म ‘भक्षक’ के डायरेक्टर पुलकित सिंह ने इस घटना पर अपनी राय रखी है।
पुलकित सिंह ने कोलकाता के डॉक्टर रेप-मर्डर केस पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो और लंबा नोट शेयर किया है। इस फोटो में एक सफेद हाथ को एक काले हाथ ने पकड़ रखा है, जो एक बड़ा संदेश देता है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “भक्षक फिल्म के आखिर में भूमि पेडनेकर ने जो कहा, वह महज संवाद नहीं था, बल्कि एक सच था। आज उसी संवाद को कोलकाता में हुए रेप केस से जोड़ कर वापस लिख रहा हूं, और उम्मीद करता हूं कि एक दिन हम इस शून्यता से बाहर निकल पाएंगे। तब हम वाकई आजाद होंगे।”
पुलकित ने समाज की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए लिखा कि कोलकाता में हुई घटना पर समाज की प्रतिक्रिया अस्थायी है। उन्होंने कहा, “क्या फर्क पड़ता है? आज कोलकाता में हुआ, कल कहीं और होगा। दो दिन गुस्सा रहेगा, शायद कुछ लोगों को बुरा भी लगे। ट्विटर और फेसबुक पर संवेदनाएं व्यक्त कर दी जाएंगी, वो भी हैशटैग के साथ। लेकिन सच्चाई यही है कि हमारी सोशल मीडिया पर की गई संवेदनाएं खोखली हो चुकी हैं।”
पुलकित ने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाया और कहा कि मीडिया केवल वही दिखाता है जिससे टीआरपी मिलती है। असल सच्चाई को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
पोस्ट के आखिर में पुलकित ने समाज से पूछा, “क्या आप दूसरों के दुख पर दुखी होना भूल गए हैं? क्या आप अब भी इंसान हैं या भक्षक बन चुके हैं?” उनकी इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है और समाज में वास्तविक और स्थायी बदलाव लाने की जरूरत को रेखांकित किया है।



