पटना में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ईंधन संकट के बीच अब लोग बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक कार और स्कूटर खरीदने की ओर रुख कर रहे हैं। राजधानी में हर दिन औसतन 40 से 50 चारपहिया और 60 से 70 दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन बिक रहे हैं।
डीलरों के मुताबिक, युवा, नौकरीपेशा लोग और महिलाएं सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों में रुचि दिखा रहे हैं। मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि कई कंपनियों के शोरूम में 80 से 100 वाहनों की वेटिंग चल रही है।
ऑटो एक्सपर्ट्स का कहना है कि कम मेंटेनेंस खर्च, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं ने EV बाजार को नई रफ्तार दी है। इसके अलावा कंपनियां आसान फाइनेंस, एक्सचेंज ऑफर और मुफ्त चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी दे रही हैं, जिससे ग्राहकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
पटना में खास तौर पर 400 से 600 किलोमीटर तक की रेंज देने वाली इलेक्ट्रिक कारों की मांग तेजी से बढ़ी है। डीलरों के अनुसार, कई मॉडल एक बार चार्ज होने पर करीब 600 किलोमीटर तक चल रहे हैं, जिसके कारण उनकी बुकिंग लगातार बढ़ रही है।
महिंद्रा के डीलर संदीप सरस ने बताया कि कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों की कीमत 16 लाख से 32 लाख रुपये के बीच है। हाई स्पीड चार्जर से ये वाहन 40 से 80 मिनट में फुल चार्ज हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना 10 से 15 लोग गंभीरता से इलेक्ट्रिक वाहनों की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, जबकि कई बुकिंग पहले से लंबित हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी होती रही तो आने वाले समय में बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और तेजी से बढ़ सकती है।

