Cockroach Janata Party: व्यंग्यात्मक राजनीतिक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का X (पहले Twitter) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है. सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहे इस संगठन पर हुई कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में आ गया है.
हालांकि इंस्टाग्राम पर CJP की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और उसके फॉलोअर्स की संख्या 1.3 करोड़ से ज्यादा पहुंच चुकी है.
संस्थापक ने दी जानकारी
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए बताया कि X पर उनका अकाउंट भारत में रोक दिया गया है.
उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा, “जैसा कि उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में रोक दिया गया है.”
फिलहाल X पर @CJP_2029 अकाउंट खोलने पर “Account Withheld” का नोटिस दिखाई दे रहा है. नोटिस के मुताबिक यह कार्रवाई कानूनी मांग (Legal Demand) के तहत केवल भारत में की गई है.
इंस्टाग्राम पर BJP से भी आगे निकला CJP
कॉकरोच जनता पार्टी की सोशल मीडिया लोकप्रियता ने सबको चौंका दिया है. दावा किया जा रहा है कि लॉन्च के महज चार दिनों के भीतर इस संगठन के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 13.5 मिलियन यानी 1.35 करोड़ से अधिक हो गए.
तुलना की जाए तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के करीब 88 लाख फॉलोअर्स हैं. ऐसे में CJP ने फॉलोअर्स के मामले में BJP को भी पीछे छोड़ दिया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल हाल ही में कोर्ट में सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत शर्मा की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी. कुछ लोगों ने इसे इस तरह पेश किया कि बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “समाज के परजीवियों” से की गई है.
इसी के विरोध और व्यंग्य के तौर पर अभिजीत दिपके ने “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से डिजिटल मंच शुरू किया. यह संगठन खुद को बेरोजगार और निराश युवाओं की आवाज बताता है.
कुछ घंटों में वायरल हो गया मंच
रिपोर्ट के मुताबिक लॉन्च के पहले 24 घंटे के भीतर ही CJP को 5 हजार से अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन मिल गए थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया और युवाओं के बीच चर्चा का विषय बन गया.
अब X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है.

