Sudha Milk Price: बिहार में महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है. सुधा डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है. नई कीमतें 22 मई 2026 यानी शुक्रवार से लागू होंगी. अब उपभोक्ताओं को हर लीटर दूध पर पहले से अधिक रुपये खर्च करने होंगे.
सुधा गोल्ड और काऊ मिल्क के बढ़े दाम
नई दरों के मुताबिक सुधा गोल्ड फुल क्रीम दूध की कीमत 65 रुपये से बढ़ाकर 67 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. वहीं सुधा शक्ति दूध, जो पहले 57 रुपये प्रति लीटर मिलता था, अब 59 रुपये में मिलेगा.
इसके अलावा सुधा काऊ मिल्क की कीमत भी बढ़ा दी गई है. पहले 54 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला काऊ मिल्क अब 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.
हालांकि उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत देते हुए डेयरी ने घी, दही, लस्सी और पेड़ा जैसे उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है.
कॉम्फेड ने बताई कीमत बढ़ाने की वजह
बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे लगातार बढ़ रही महंगाई और उत्पादन लागत को जिम्मेदार बताया है.
कॉम्फेड के अनुसार पशुचारा महंगा होने, ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने और वितरण लागत में इजाफा होने की वजह से दूध के दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था. संस्था का कहना है कि किसानों और डेयरी व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है.
अमूल और मदर डेयरी भी बढ़ा चुके हैं दाम
सुधा डेयरी से पहले अमूल और मदर डेयरी भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुके हैं. अमूल ने अपने कई दूध उत्पादों की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया था.
अमूल गोल्ड, स्टैंडर्ड दूध, टी-स्पेशल और गाय के दूध समेत कई उत्पाद महंगे हुए थे. वहीं मदर डेयरी ने भी हाल के महीनों में अपने उत्पादों के दाम बढ़ाए थे.
आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर
दूध की कीमत बढ़ने से अब चाय, मिठाई और घरेलू रसोई का खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है. खासकर रोजाना दूध खरीदने वाले मध्यम वर्गीय परिवारों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा.
महंगाई के इस दौर में लगातार बढ़ती खाद्य वस्तुओं की कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

