समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बड़ी वारदात हुई। कarihara पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनका शव सतनपुर मस्जिद के पास स्थित पानी की टंकी के नजदीक बरामद हुआ।
मोटरसाइकिल से लौट रहे थे मुखिया
पुलिस के अनुसार, मनोरंजन गिरी मोटरसाइकिल से सतनपुर चौक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्हें सीने में गोली लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोग और पुलिस की कार्रवाई
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और शव को देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। डीएसपी दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुराने हत्या केस से जुड़ाव?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 21 अगस्त को करीहरा पंचायत के ही मधोदीह गांव निवासी विक्रम गिरी की हत्या हुई थी। उस मामले में मनोरंजन गिरी पर आरोप लगा था। जांच चल ही रही थी कि गुरुवार को उनकी हत्या कर दी गई।
अपराधी बैकग्राउंड की पुष्टि
पुलिस ने पुष्टि की है कि मारे गए मुखिया का खुद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों हत्याओं के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है।


