नई दिल्ली: वियतनाम की इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी VinFast ने आखिरकार भारत में एंट्री कर ली है। कंपनी ने शनिवार को दो इलेक्ट्रिक SUV – VF6 और VF7 लॉन्च कीं। खास बात यह है कि VinFast ने अपनी यह शुरुआत भारत में त्योहारों के सीजन से ठीक पहले की है।
कीमत और दमदार बैटरी
कंपनी ने VF6 को 16.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से लॉन्च किया है। इसमें 59.6 kWh बैटरी दी गई है, जो 468 किलोमीटर तक की रेंज देती है।
वहीं, VF7 में बड़ी 70.8 kWh बैटरी मौजूद है, जिसकी रेंज 532 किलोमीटर तक है। इसकी शुरुआती कीमत 20.9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
फैक्ट्री और प्रोडक्शन कैपेसिटी
VinFast ने तमिलनाडु में अपनी फैक्ट्री स्थापित की है। कंपनी के एशिया CEO Pham Sanh Chau के मुताबिक, पहले फेज में 50,000 यूनिट्स बनाने की क्षमता तैयार की गई है। दूसरे फेज में इसे बढ़ाकर 2 लाख यूनिट्स तक ले जाने की योजना है।
EV पॉलिसी पर नहीं, लोकल फैक्ट्री पर फोकस
हालांकि VinFast सरकार की EV पॉलिसी (जिसमें 8,000 गाड़ियां इम्पोर्ट करने की छूट है) में शामिल हो सकती थी, लेकिन कंपनी ने सीधे भारत में फैक्ट्री पर निवेश करना सही समझा। Chau का कहना है,
“हम भारत को लेकर काफी पॉजिटिव हैं और यहां सिर्फ SUV ही नहीं, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, कमर्शियल व्हीकल और चार्जिंग नेटवर्क भी लॉन्च करने की तैयारी है।”
भविष्य की योजना
VinFast भारत में EV के अलावा हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी एंट्री की संभावना तलाश रही है। कंपनी का कहना है कि भारत उनके लिए सबसे बड़ा मार्केट बनने की क्षमता रखता है।



