जम्मू-कश्मीर में आसमान से हो रही तबाही थमने का नाम नहीं ले रही। कटरा स्थित वैष्णो देवी मार्ग पर बुधवार सुबह भारी बारिश के बाद हुए भीषण भूस्खलन ने अब तक 31 श्रद्धालुओं की जान ले ली है। इस हादसे में 23 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
त्रिकुटा पहाड़ी पर मंदिर जाने वाले रास्ते का एक बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कई लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर में रेड अलर्ट, बढ़ा खतरा
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में आज भी रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। चौथे तवी पुल के पास सड़क बह जाने से आवाजाही बाधित है। वहीं, बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
बीते मंगलवार को सिर्फ छह घंटे में 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया
लगातार बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए अब तक 3,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
राहत कार्य में जिला प्रशासन, जेके पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और स्थानीय वॉलंटियर्स लगे हुए हैं।
बाढ़ प्रभावितों को अस्थायी शेल्टरों में रखा गया है, जहां भोजन, पानी और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बारिश और तूफान से संचार व्यवस्था ठप
केंद्र शासित प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तूफान के चलते टेलीकॉम ब्लैकआउट हो गया है। लाखों लोग संपर्क से कट गए हैं।
प्रशासन हाई-रिस्क इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश तेज कर रहा है।
22 ट्रेनें रद्द, कई सेवाएं प्रभावित
नॉर्दर्न रेलवे ने बारिश और भूस्खलन के चलते 22 ट्रेनों को रद्द और 27 को शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया है। कटरा, जम्मू और ऊधमपुर से चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इसमें वैष्णो देवी बेस कैंप से शुरू होने वाली 9 ट्रेनें भी शामिल हैं।



