बड़ी रेल सौगात: बक्सर-आरा से बिहारशरीफ और धनबाद की दूरी होगी आसान, सितंबर से शुरू होगा संचालन

नई रेल लाइन से जुड़ेगा पटना, कोडरमा और धनबाद—33 लाख लोगों को होगा सीधा फायदा

Fevicon Bbn24
New Rail Route In Bihar Buxar Ara To Dhanbad Via Biharsharif
(Source: Google/Social Media Sites)

बक्सर, आरा, बिहारशरीफ और धनबाद के लोगों के लिए राहत की खबर है। दानापुर-नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ के बीच नई रेलवे लाइन तैयार हो रही है और सितंबर 2025 से इस पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को झारखंड के धनबाद तक का सफर कम समय में और अधिक आरामदायक तरीके से पूरा करने का अवसर मिलेगा।

दानापुर से नेउरा, फिर बिहारशरीफ और कोडरमा होते हुए सीधे धनबाद

पूर्व मध्य रेलवे द्वारा तैयार किए जा रहे इस रेल रूट के तहत दानापुर जंक्शन से नेउरा और फिर दनियावां होते हुए बिहारशरीफ तक रेल लाइन बिछाई जा रही है। इसके आगे तिलैया और कोडरमा को जोड़ते हुए यह रूट धनबाद तक पहुंचेगा।

रेल अधिकारियों के अनुसार यह रूट दिल्ली-हावड़ा मेन लाइन को बिहारशरीफ और कोडरमा के रास्ते धनबाद से जोड़ेगा। इससे न सिर्फ यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि भारी मालवाहन—विशेषकर कोयले की ढुलाई में भी तेज़ी आएगी।

जुलाई में होगा पहला ट्रायल, सितंबर से मिलेगी सुविधा

रेलवे सूत्रों ने बताया कि कोलकाता सीआरएस (Chief Railway Safety Commissioner) जुलाई में इस रूट का निरीक्षण करेंगे। ट्रायल सफल रहा तो सितंबर 2025 से ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।

यह रूट नेउरा से धनबाद के बीच सबसे छोटा और तेज़ रेलमार्ग होगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

चौसा थर्मल प्लांट को मिलेगा सीधा कोयला सप्लाई

रेलवे अधिकारी के मुताबिक, इस रेलमार्ग का सबसे बड़ा लाभ बक्सर के चौसा में बन रहे थर्मल पावर प्लांट को मिलेगा, जहां धनबाद से कोयले की सीधी आपूर्ति इस रूट से की जा सकेगी।

इस रेल प्रोजेक्ट पर कुल लागत ₹5000 करोड़ आंकी गई है, और हर साल इस रूट से 30.4 मिलियन टन सामान की ढुलाई की जाएगी।

33 लाख लोगों को सीधा फायदा, ट्रेन की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा

इस नई रेल लाइन से कुल 1045 गांवों के करीब 33 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह लाइन बिहार के पटना, भोजपुर, नालंदा जिलों के साथ झारखंड के कोडरमा और धनबाद को जोड़ेगी।

ट्रेनों की गति 110-120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रा समय काफी कम हो जाएगा।

रेलवे अधिकारी सरस्वती चंद्र का बयान

पूर्व मध्य रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ रूट को तिलैया और कोडरमा से जोड़ा जा रहा है। आने वाले महीनों में यह लिंक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।

Share This Article