जमशेदपुर अलकतरा फैक्ट्री ब्लास्ट: एक किलोमीटर तक फैला जहरीला धुआं, लोगों में मची भगदड़

मिर्जाडीह गांव की STP Limited फैक्ट्री में देर रात जोरदार विस्फोट के बाद लगी भीषण आग, दमकल की दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

Fevicon Bbn24
Jamshedpur Factory Blast Toxic Smoke Spread
(Image Source: Social Media Sites)

Jamshedpur: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ जब डिमना थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह गांव स्थित STP Limited नामक अलकतरा फैक्ट्री में जबरदस्त विस्फोट हुआ। फैक्ट्री में मौजूद एक केमिकल टंकी के फटने से न सिर्फ भीषण आग लग गई, बल्कि पूरे इलाके में जहरीला धुआं एक किलोमीटर तक फैल गया।

धमाके की गूंज और धुएं का आतंक, लोग छोड़ने लगे घर

स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट इतनी जोरदार था कि पूरे गांव में कंपन महसूस हुई। आग लगने के बाद फैक्ट्री से उठे काले धुएं ने पूरे वातावरण को ढंक लिया। देखते ही देखते डिमना चौक से लेकर पटमदा-बोड़ाम मेन रोड तक धुआं फैल गया, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।

स्वास्थ्य संकट: बच्चों और बुजुर्गों पर असर

धुएं में मौजूद जहरीली गैस के कारण कई ग्रामीणों को खुजली, खांसी और घबराहट होने लगी। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गंभीर रूप से सांस की समस्या होने लगी, जिसके चलते कई परिवारों को रात में ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।

दमकल विभाग की दो घंटे की कड़ी मशक्कत

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। फैक्ट्री के कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। आग बुझने के बाद ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

घटना के बाद प्रशासन की प्रतिक्रिया धीमी रही। न तो तुरंत कोई राहत टीम पहुंची और न ही गांव वालों को प्राथमिक चिकित्सा दी गई। लोग अब जिला प्रशासन से मुआवजा और फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share This Article